यूपी-100 की गाडिय़ों में तैनात होंगी महिला पुलिसकर्मी

लखनऊ। यूपी-100 की गाडिय़ों में अब महिला पुलिसकर्मी भी तैनात की जाएंगी। महिला पीडि़ता द्वारा कंट्रोल रूम पर फोन करके मदद मांगे जाने पर महिला पुलिसकर्मी मौके पर पहुंच कर उसकी समस्या का समाधान करेंगी। इससे शिकायकर्ता महिला सहज होकर अपनी बात रख सकेगी। यह बात डीजीपी ओपी सिंह ने कही।डीजीपी बुधवार को रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित ‘महिला सम्मान’ समारोह में शिरकत करने पहुंचे थे। इस दौरान डीजीपी ने उत्कृष्ट कार्य करने वाली लखनऊ जनपद की 15 महिला पुलिस कर्मियों को प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया। इससे पूर्व डीजीपी ने प्रदेश के सभी थानों में महिला दिवस के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित करने का आदेश जारी किया था।  डीजीपी ने पुलिस लाइन पहुंच कर महिला पुलिस कर्मियों से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने महिला कर्मिचारियों से ड्यूटी के दौरान उन्हें होने वाली समस्याएं भी सुनीं। एक महिला सिपाही ने डीजीपी को बताया कि थानों में महिलाओं के लिए शौचालय की अलग व्यवस्था नहीं है, इससे खासी परेशानी होती है।  इस पर डीजीपी ने एसएसपी दीपक कुमार को निर्देशित किया कि जल्द से जल्द जनपद के सभी थानों में महिला पुलिस कर्मियों के लिए अलग शौचालय का प्रबंध करवाएं।  एक महिला पुलिस कर्मी ने समस्या बताई कि कई बार जरूरत पडऩे पर रात के वक्त ड्यूटी पर बुला लिया जाता है। वाहन न होने से उन्हें थाने पहुंचने में खासी दिक्कत होती है, इससे देर भी हो जाती है। इस पर डीजीपी ने कहा कि रात के वक्त ड्यूटी पर बुलाए जाने पर महिला पुलिस कर्मियों को कैब सेवा मुहैय्या कराई जाए। डीजीपी ने कहा कि संबंधित थानाध्यक्ष की यह जिम्मेदारी होगी कि वह महिला पुलिस कर्मियों के लिए वाहन की व्यवस्था करें।

Share and Enjoy !

Shares

Related posts