इंडोनेशिया में भूकंप और सूनामी के चलते 400 लोगों की मौत

जकार्ता। इंडोनेशिया के सुलावेसी द्वीप और इसके आसपास के इलाके में भूकंप और सूनामी के चलते अब तक 400 लोगों की मौत हो चुकी है। इस त्रासदी में लोगों के मारे जाने की यह संख्या एक डिजास्टर एजेंसी ने बताई है। बता दें कि शु्क्रवार को आए भूकंप का केंद्र पालू शहर से 78 किलोमीटर की दूरी पर था। यह मध्य सुलावेसी प्रांत की राजधानी है। भूकंप की तीव्रता इतनी अधिक थी कि इसका असर यहां से करीब 900 किलोमीटर दूर दक्षिण में स्थित द्वीप के सबसे बड़े शहर माकासर तक महसूस किया गया। अमेरिकी भूगर्भ सर्वे ने बताया कि मध्य सुलावेसी के डोंग्गाला कस्बे में 10 किलोमीटर की गहराई पर तेज भूकंप आया। इसके कुछ घंटे पहले इसी क्षेत्र में कम तीव्रता का भूकंप आया था। इस भूकंप की तीव्रता इस वर्ष की शुरुआत में लोमबोक द्वीप में आए भूकंप से कहीं अधिक थी जिसमें सैकड़ों लोग मारे गए थे।  पालू के दक्षिण में करीब 175 किलोमीटर की दूरी पर तोराजा की निवासी लीसा सोबा पाल्लोन ने कहा कि शुक्रवार को भूकंप के कई झटके महसूस किए गए। उन्होंने बताया, ‘अंतिम झटका बहुत तेज था। इंडोनेशिया की भौगोलिक स्थिति के कारण भूकंप का खतरा हरदम बना रहता रहता है। दिसंबर 2004 में पश्चिमी इंडोनेशिया के सुमात्रा में 9.3 तीव्रता का भूकंप आया था। इसके कारण आई सूनामी के कारण हिंद महासागर क्षेत्र के कई देशों में 2,20,000 लोग मारे गए थे।

Share and Enjoy !

Shares

Related posts

Leave a Comment