पुणे में भारतीय सेना का दूसरा व्यावसायिक आर्मी लॉ कॉलेज शुरू

भारतीय सेना द्वारा पुणे में आर्मी लॉ कॉलेज की स्थापना की गई है। आर्मी वेलफेयर एजुकेशन सोसाइटी के तत्वावधान में शुरू किया गया यह कॉलेज भारतीय सेना का पुणे में दूसरा व्यावसायिक कॉलेज है। पहला व्यावसायिक कॉलेज आर्मी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी है।
रक्षा मंत्रालय के मध्य कमान मुख्यालय की जनसंपर्क अधिकारी गार्गी मलिक सिन्हा ने बताया कि आर्मी लॉ कॉलेज एक आवासीय संस्थान है जो पॉच वर्षीय एकीकृत बीबीए, एलएलबी पाठ्यक्रम संचालित कर रहा है। यह कॉलेज सावित्रि फुले पुणे विश्वविद्यालय से सम्बद्ध है। वर्तमान शैक्षणिक वर्ष 2018-19 के लिए सेवारत एवं सेवानिवृत सैन्यकर्मियों के 60 बच्चों को प्रवेश दिया गया है। इस कॉलेज का उद्घाटन दक्षिणी कमान के सेनाध्यक्ष ले0 जनरल डीआर सोनी ने किया। अपने संबोधन में ले. जन. सोनी ने राधा कालियानदास दरयानानी चैरिटेबल ट्रस्ट और महाराष्ट्र सरकार तथा सावित्री फुले पुणे विश्वविद्यालय को उनके द्वारा दिये गये भरपूर सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। गार्गी ने बताया कियह कॉलेज राधा कालियानदास दरयानानी चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा उपहार में दिये गये संपत्ति पर निर्मित है जो पुराने पुणे-मुम्बई राजमार्ग पर कान्हे ग्राम के पास में स्थित है और इसमें 12 भवन निर्मित हैं।  इस कॉलेज के प्रथम प्राचार्य डॉं. मधुश्री जोशी होंगी, जो स्वयं पुणे विश्वविद्यालय की ‘गोल्ड मेडलिस्ट’ हैं।

Related posts