नई दिल्ली। दो दिन के भारत दौरे के लिए नई दिल्ली पहुंचे रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने गुरुवार को पीएम मोदी के साथ उनके आवास पर डिनर किया। पीएम मोदी ने ट्वीट कर राष्ट्रपति पुतिन का स्वागत किया। पीएम ने कहा, भारत में आपका स्वागत है राष्ट्रपति पुतिन, द्वीपक्षीय बातचीत को लेकर उत्साहित हूं, जो भारत और रूस के बीच दोस्ती को और बढ़ाएगी।बता दें कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति पुतिन के बीच द्विपक्षीय वार्ता होगी। इस दौरान महत्वकांक्षी एस-400 डील पर समझौता होने की संभावना है। एस-400 रूस की ऐसा मिसाइल सिस्टम है, जिसे तैनात कर भारत, चीन से लगती 4000 किलोमीटर लंबी सीमा पर नजर रख सकेगा। इस दौरान दोनों नेता ईरान पर अमेरिकी प्रतिबंध के मद्देनजर कच्चे तेल की स्थिति समेत कई द्विपक्षीय, क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भी चर्चा कर सकते हैं। 19वें भारत-रूस शिखर सम्मेलन के दौरान मोदी-पुतिन रूसी रक्षा कंपनियों पर अमेरिकी प्रतिबंध की पृष्टभूमि में द्विपक्षीय रक्षा संबंधों की भी समीक्षा कर सकते हैं। डिफेंस अग्रीमेंट्स के साथ ही भारत और रूस के बीच स्पेस को-ऑपरेशन मेकेनिज्म पर भी करार हो सकता है। पीएम मोदी की ओर से 2022 में चांद में मानव को भेजने के मिशन के ऐलान के बाद यह करार महत्वपूर्ण होगा। इसे पहले नई दिल्ली पहुंचे पुतिन का स्वागत करने विदेश मंत्री सुषमा स्वराज पहुंची। पुतिन का यह दौरा दोनों देशों के बीच रणनीतिक संबंधों के लिहाज से खासा महत्वपूर्ण है, इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय राजनीति पर भी इसका असर देखने को मिल सकता है। रक्षा जानकारों की मानें तो अमेरिका चाहता है कि भारत रूस से यह एयर डिफेंस सिस्टम न खरीदे। जानकारों के मुताबिक यूएस की चिंता इस बात को लेकर है कि एस-400 का इस्तेमाल अमेरिकी फाइटर जेट्स की स्टील्थ (गुप्त) क्षमताओं को टेस्ट करने के लिए किया जा सकता है। इतना ही नहीं, माना जा रहा है कि इस सिस्टम से भारत को अमेरिकी जेट्स का डेटा मिल सकता है। अमेरिका को यह डर भी सता रहा है कि यह डेटा रूस या दुश्मन देश को लीक किया जा सकता है।
पुतिन ने पीएम मोदी के साथ उनके आवास पर किया डिनर
